परिवर्तन सेवा संस्थान ने पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाया विशेष अभियान

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ परिवर्तन सेवा संस्थान ने शनिवार को सिधारी हाइडिल चौराहे से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पौधरोपण के साथ पौधों का वितरण कर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ‘रिशु’ ने बताया कि इस वर्ष जनपद में 2100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।अभियान के तहत युवा प्रकृति प्रेमी किशन सिंह, धर्मेंद्र सिंह ‘छोटे’ और रामजस यादव के जन्मदिन के अवसर पर सिधारी हाइडिल चौराहे पर 51 पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान सभी ने पौधरोपण और उसके संरक्षण का संकल्प भी लिया। संस्थान के सचिव विवेक पांडेय ने कहा कि बढ़ती वृक्ष कटाई और लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण अब समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। कार्यक्रम में सौरभ पंडित, रितेश, सौरभ, राजन, प्रतीक, निखिल, उज्ज्वल सहित संस्थान के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *