

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के कुशहा गांव में गोबर बाहर फेंकने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डण्डा भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को मो. तैय्यब घर से भैंस का गोबर निकालकर बाहर फेंक रहे थे। इसी दौरान अबू हम्जा ने गोबर बाहर फेंकने से मना करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अबू हम्जा, अतिकुर्रहमान उर्फ अतीक और मो. उमर ने मो. तैय्यब के साथ मारपीट कर दी।घटना की जानकारी मिलने पर उनका बेटा मो. सैफ अपने दोस्त मो. सारिक के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि घटना के संबंध में पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने लाठी-डण्डे से सैफ पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।मामले में फूलपुर थाने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। गुरुवार को उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ इब्राहिमपुर मोड़ से करीब 9:30 बजे मो. उमर पुत्र अतिकुर्रहमान उर्फ अतीक (19 वर्ष) और अतिकुर्रहमान उर्फ अतीक पुत्र सुहेल (42 वर्ष), निवासी सतुवहिया, थाना फूलपुर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डण्डा भी बरामद किया। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अनुपम सिंह, मुनीब यादव और अरविन्द कुमार शामिल रहे।
