

पीएम सूर्य घर योजना का नियमित अनुश्रवण करें-जिलाधिकारी
जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल संयोजन की प्रगति बढ़ाई जाए-जिलाधिकारी
छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों को सत्यापित कर अग्रसारित करें-जिलाधिकारी
निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्तायुक्त पूर्ण करें-जिलाधिकारी
पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभाग में समन्वय कर हैंडोवर की प्रक्रिया करें पूरी-जिलाधिकारी
समाज कल्याण निर्माण निगम की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण लेने के दिए निर्देश
कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएस एक सप्ताह के अंदर परियोजनाओं को पूर्ण कर हैंड ओवर करें-जिलाधिकारी
अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम द्वारा योजनाओं की प्रगति न बता पाने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण लेने के लिए निर्देश-जिलाधिकारी
विद्युत विभाग एवं जल निगम की भूमि से संबंधित समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें-जिलाधिकारी
सभी अधिकारी सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित होने वाली सभी योजनाओं का करें नियमित अनुश्रवण-जिलाधिकारी
गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के अध्यक्षता में कल देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार मे सीएम डैशबोर्ड पर माह नवंबर 2025 की प्राप्त विभागों के ग्रेडिंग एवं रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई l पीoएमoसूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में ग्रेड बी तथा रैंक 47 आने पर पी.ओ.नेडा द्वारा अवगत कराया गया कि योजना में लक्ष्य के सापेक्ष 2002 लाभार्थियों के यहां सिस्टम स्थापित किया गया है। जिसपर जिलाधिकारी द्वारा मुख्य विकास अधिकारी कों निर्देशित किया गया कि इसका नियमित अनुश्रवण करते रहें तथा जो भी समस्याएं हो, उसका निराकरण करा कर अधिक से अधिक प्रगति सुनिश्चित कराई जाए। जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत जितने भी पत्रावली या बैंकों में प्रेषित की गई है, उनका लोन शीघ्र ही स्वीकृत किया जाए, किसी भी व्यक्ति को लोन जानबूझकर रिजेक्ट नही किया जाय। डे एनआरएलएम की माह में डी ग्रेड प्राप्त हुई है। जिसपर जिलाधिकारी ने उपायुक्त स्वत रोजगार को निर्देशित किया कि आर0एफ0 के लिए धनराशि की मांग हेतु शासन में पत्र भेजा जाए।जल जीवन मिशन योजना में बी ग्रेड तथा माह जुलाई में गृह जल संयोजन की प्रगति 94.4 प्रतिशत रही है। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को प्रगति बढ़ाकर अगले माह ए ग्रेड प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।सेतु के निर्माण में सी ग्रेड प्राप्त हुआ है।जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता निर्माण खंड 2 को निर्देशित किया कि बुढनपुर, दीदारगंज, बरदह मार्ग पर मघुई नदी सेतु की भौतिक प्रगति बढ़ाकर ग्रेड में सुधार करें। जिलाधिकारी द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि समस्त प्रकार की छात्रवृत्तियों में जनपद का ग्रेड सी व डी आया है, जिसे जनपद की प्रगति प्रभावित हुई है, सभी लोग ऐसे विद्यालयों की जांच करें, जिसमें छात्रवृत्ति की अधिक से अधिक फार्म लंबित पड़े हुए हैं, जिनकी फॉरवर्डिंग नहीं की गई है, यदि इन विद्यालयों में गलत तरीके से एनरोलमेंट किया गया है तो उनको चिन्हित कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी तथा माह दिसंबर में यदि छात्रवृत्ति में ग्रेड प्रभावित होगा तो आप सभी के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन में प्रेषित किया जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि आप सभी लोग जो भी कार्य कर रहे हैं, उसको गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से पूर्ण करें, यदि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता पाई जाएगी तो आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन में पत्र प्रेषित किया जाएगा।सहायक अभियंता समाज कल्याण निर्माण निगम की प्रगति खराब पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिए के निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने बृहद गो संरक्षण केंद्र मुरारी के लिए यूपीसीएलडीएफ के परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अंतर्गत समस्त कार्य पूर्ण करके हैंडओवर करना सुनिश्चित करें। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम नोडल से उनके विभाग की योजनाओं के बारे में पूछा गया तो उनके द्वारा योजनाओं की प्रगति बताने में असमर्थता व्यक्त की गई, इसके संबंध में जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।जनपद में कुल 07 परियोजनाओं पर निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, परंतु अभी भी सभी परियोजनाएं संबंधित विभाग को हैंडओवर नहीं है। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि दिनांक 31 दिसम्बर 2025 तक सभी पूर्ण परियोजनाओं हेतु नामित जांच अधिकारी जांच कर रिपोर्ट अर्थ एवं संख्याधिकारी आजमगढ़ को उपलब्ध कराएं तथा संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर हैंडओवर की प्रक्रिया को पूर्ण करें। मौके पर उपस्थित समस्त अधिकारियों से जिलाधिकारी द्वारा समन्वय स्थापित कर विद्युत विभाग की समस्या, जल निगम की समस्या तथा भूमि उपलब्धता की समस्या का निराकरण मौके पर ही कराया गया। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी सुनिश्चित करें कि CM डैशबोर्ड पर जो भी योजनाएं प्रदर्शित हो रही हैं, उनका नियमित अनुश्रवण कर ग्रेड ए लाया जाये, यदि किसी भी परियोजना या योजना में कोई समस्या है तो उसे तत्काल अवगत कराया जाए, जिससे उसका निदान करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, एसआईसी जिला अस्पताल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, उपायुक्त उद्योग, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
