आजमगढ़ के युवक को मलेशिया से म्यांमार ले जाकर बनाया बंधक, कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह के नेतृत्व में मां ने डीएम के माध्यम से विदेश मंत्रालय से लगाई गुहार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां रोजगार के लिए विदेश गए एक युवक को कथित रूप से अवैध तरीके से मलेशिया से म्यांमार भेजकर वहां हिरासत में ले लिया गया है। युवक की मां ने उसके सकुशल भारत वापसी के लिए भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र के रामपुर गोठपुरा गांव निवासी शांति देवी के पुत्र राजन मई 2025 में रोज़गार की तलाश में मलेशिया गए थे। आरोप है कि वहां से उन्हें एक अन्य कंपनी के माध्यम से अवैध रूप से समुद्री रास्ते म्यांमार भेज दिया गया। बाद में स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें अवैध आव्रजन के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।परिवार का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद से राजन से कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। राजन की वर्तमान स्थिति और स्थान के बारे में भी परिवार को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।इस मामले में परिजनों ने विदेश मंत्रालय के मदद पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है, इसके अलावा, गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला द्वारा भी इस संबंध में पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।मंगलवार को शांति देवी ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर भारत सरकार से मांग की है कि म्यांमार के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर राजन की स्थिति का पता लगाया जाए, भारतीय दूतावास को उनसे मिलने की अनुमति दिलाई जाए और जल्द से जल्द उनकी सुरक्षित व कानूनी रूप से भारत वापसी सुनिश्चित की जाए।परिवार ने इस मामले में मानवीय आधार पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की है, ताकि राजन की सकुशल घर वापसी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *