गोंडा हत्याकांड के विरोध में गरजा निषाद समाज, पांच करोड़ मुआवजे की मांग

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया/आजमगढ़। गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के विरोध में निषाद समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के सेल्हरापट्टी गांव में जिला पंचायत सदस्य शीतला प्रसाद निषाद के नेतृत्व में बैठक आयोजित कर हत्याकांड की कड़ी निंदा की गई और सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्य शीतला प्रसाद निषाद ने कहा कि विनोद कुमार साहनी सामाजिक रूप से सक्रिय और कर्मठ व्यक्ति थे। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मृतक के बेटे को सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की। उन्होंने आरोपियों की संपत्तियों की जांच कर अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई। साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। बैठक में निषाद समाज से जुड़े कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की भूमिका को लेकर भी नाराजगी जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो आगामी विधानसभा चुनाव में समाज अपनी नाराजगी जाहिर करेगा। बैठक में महिलाओं ने भी सुरक्षा और न्याय की आवाज उठाई। महिलाओं ने कहा कि हत्या की घटना से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने मृतक के बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और निषाद समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *