लाखों की लागत से बनेगा पक्षी रैन बसेरा, कैलेश्वर धाम में भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ निर्माण

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया/आजमगढ़। पक्षियों के संरक्षण और उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में कैलेश्वर धाम मंदिर परिसर में अनोखी पहल शुरू हुई है। सोमवार को करीब आठ लाख रुपये की लागत से बनने वाले पक्षी रैन बसेरा (पक्षी घर) के निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया।गुजरात के व्यवसायी एवं समाजसेवी अखिलेश सिंह के सौजन्य से शुरू हुई इस पहल में मंदिर के महंत राम दिलीप दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया। इसके बाद गुजरात से आई टीम ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया।करीब 60 फीट ऊंचे टावरनुमा पक्षी घर में हजारों छोटे घोंसले बनाए जाएंगे। इनमें पक्षी सुरक्षित रूप से रह सकेंगे और अंडे देने के साथ बच्चों की देखभाल भी कर सकेंगे। श्रद्धालुओं के लिए नीचे दाना-पानी रखने की व्यवस्था भी की जाएगी।बताया गया कि क्षेत्र के प्रसिद्ध पांच देवस्थलों पर पक्षी घर बनाने की योजना है। कैलेश्वर धाम के बाद भैरव धाम, पौहारी जी स्थान और दुर्वासा धाम समेत अन्य स्थानों पर भी इनके निर्माण का प्रस्ताव है। कैलेश्वर धाम में बनने वाले पक्षी घर का निर्माण करीब 10 से 15 दिनों में पूरा होने की उम्मीद है।महंत राम दिलीप दास ने कहा कि कैलेश्वर धाम में दूर-दूर से विभिन्न प्रजातियों के पक्षी आते हैं। पक्षी घर बनने से उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा। वहीं प्रदीप पांडेय ने कहा कि पेड़ों की कटाई के कारण पक्षियों के सामने आश्रय का संकट बढ़ा है। इसी को देखते हुए पांच देवस्थलों पर पक्षी घर बनाने की पहल की जा रही है।इस अवसर पर मास्टर राजेंद्र सिंह, अखंड प्रताप सिंह, दिलीप सिंह, अजय मौर्या, नारद सोनकर, दुर्ग विजय सिंह, राजू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *