

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर सोमवार को आजमगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), BRICS सम्मेलन, आगामी विधानसभा चुनाव-2027, रोजगार, मदरसों और जिले में बाढ़ की स्थिति समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।UCC को लेकर अनिल राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने की तैयारी पहले से चल रही है। गृह मंत्री अमित शाह की ओर से 2029 की समयसीमा बताए जाने के बाद अब इस दिशा में कोई दो राय नहीं है। उन्होंने कहा कि UCC देश और समाज की जरूरत है और उत्तर प्रदेश में इसे बहुत जल्द लागू किया जाएगा।BRICS सम्मेलन को लेकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारत की क्षमता और पुरुषार्थ का पूरी दुनिया ने दर्शन किया है। उन्होंने कहा कि BRICS के देश अब केवल आदेश मानने वाले नहीं, बल्कि कानून बनाने और दुनिया को दिशा देने वाले देश बनेंगे। इसे उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि और ऐतिहासिक सफलता बताया।आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर अनिल राजभर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सामने कोई चुनौती नहीं है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश की जनता की सेवा के साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। सरकार के काम और उपलब्धियों के आधार पर उन्होंने भाजपा को जनता का समर्थन मिलने का दावा कियाश्रम एवं सेवायोजन मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में करीब 9 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा 16 लाख बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ा गया और तीन करोड़ से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने ‘मिशन रोजगार’ का गठन किया है।उन्होंने बताया कि सरकार विदेशों में भी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। आरए लाइसेंस मिलने के बाद हर साल 30 से 35 हजार युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर दिलाने का लक्ष्य है। वहीं देश के भीतर एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।अनिल राजभर ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों से उत्तर प्रदेश नए कारखानों और कंपनियों के पंजीयन के मामले में देश में नंबर वन है। उनके मुताबिक नए निवेश और उद्योगों के आने से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।मदरसों को लेकर अनिल राजभर ने कहा कि सरकार की इच्छा है कि मदरसों से डॉक्टर और इंजीनियर निकलें। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि किसी मदरसे से आतंकवादी निकलने की बात सामने आती है तो उस पर सवाल उठना स्वाभाविक है।आजमगढ़ में बाढ़ की स्थिति को लेकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिले में बहुत बड़ी समस्या नहीं रही, लेकिन जो लोग प्रभावित हुए हैं, उनकी मदद के लिए सरकार तत्पर रही। उन्होंने दावा किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक पर्याप्त राहत सामग्री पहुंचाई गई।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी अनिल राजभर ने उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि इस बार कार्यक्रम व्यापक स्तर पर होगा और समाज के हर वर्ग की भागीदारी होगी। आजमगढ़ में भी अभियान को ऐतिहासिक बनाने का दावा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना की।
