आजमगढ़ ट्रक ओनर वेलफेयर सोसाइटी ने उठाई स्थानीय ट्रक मालिकों की आवाज, उचित भाड़े और बाहरी वाहनों पर रोक की मांग

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। ट्रक ओनर वेलफेयर सोसाइटी, आजमगढ़ ने स्थानीय ट्रक-मोटर वाहन स्वामियों और संचालकों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है। सोसाइटी ने कहा कि उचित भाड़ा और पर्याप्त काम नहीं मिलने से स्थानीय वाहन स्वामियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि अधिकांश वाहन स्वामी बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं से ऋण लेकर वाहन चलाते हैं। ऐसे में ईएमआई, बीमा, टैक्स, परमिट, चालक का वेतन, डीजल और वाहन के रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ रहा है। कम भाड़े पर वाहन चलाने से वाहन स्वामियों को नुकसान हो रहा है और कई लोग समय पर बैंक की किस्त भी जमा नहीं कर पा रहे हैं। सोसाइटी ने जिलाधिकारी से स्थानीय ट्रक-मोटर वाहन स्वामियों को उचित एवं सम्मानजनक भाड़ा दिलाने, गिट्टी-बालू परिवहन में पारदर्शी व्यवस्था लागू करने तथा बाहरी वाहनों के संचालन से स्थानीय वाहन स्वामियों के हितों पर पड़ रहे असर का समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन में संबंधित विभागों के अधिकारियों और वाहन स्वामियों/सोसाइटी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान निकालने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और दरों का पालन सुनिश्चित कराने की भी मांग की गई है। सोसाइटी ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि स्थानीय वाहन स्वामियों के हित में न्यायसंगत व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *