

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के अंदरूनी विवाद का मामला सामने आया है। पार्टी के बूथ अध्यक्ष राहुल यादव ने विधायक नफीस अहमद के समर्थकों और अंगरक्षकों पर कथित मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राहुल यादव के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर संभावित प्रत्याशियों के सर्वे में उन्होंने वर्तमान विधायक नफीस अहमद की जगह दूसरे सपा नेता को टिकट के लिए अपनी पहली पसंद बताया था। आरोप है कि इसके बाद विवाद शुरू हुआ और उन्हें फोन पर गाली-गलौज की गई।राहुल का आरोप है कि शुक्रवार को वह विधायक से बातचीत करने के लिए सैदपुर पहुंचे थे। इसी दौरान विधायक के समर्थकों और अंगरक्षकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। राहुल ने दावा किया कि उस समय विधायक नफीस अहमद भी मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद राहुल यादव ने शनिवार को महराजगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कथित मारपीट से संबंधित वीडियो भी पुलिस और मीडिया को उपलब्ध कराया है। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। भाजपा नेता जयनाथ सिंह ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ता किसी भी दल की ताकत होते हैं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। वहीं, पूरे मामले की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। विधायक पक्ष की प्रतिक्रिया भी इस मामले में सामने आना बाकी है।फिलहाल गोपालपुर विधानसभा की सियासत में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
