


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जनपद के कोतवाली थाना पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से नकद धनराशि भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, मेहनगर थाना क्षेत्र के निवासी अभिषेक यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात संजय कुमार भारद्वाज से हुई। आरोपी ने खुद को कोचिंग संचालक बताकर आर्मी, पुलिस समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने का झांसा दिया।आरोपी ने यूपीएसआई परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की और शुरुआती तौर पर 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद उसने एक फर्जी प्रश्नपत्र “टॉप सीक्रेट” बताकर दिया, लेकिन परीक्षा में प्रश्न न मिलने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।इस मामले में कोतवाली थाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस टीम ने 17 मार्च 2026 को सुबह करीब 8:15 बजे मुखबिर की सूचना पर पुरानी जेल बंधा रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
