आजमगढ़ सरायमीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पुलिस मुठभेड़ में चोरी का इनामिया बदमाश घायल

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जनपद के थाना सरायमीर क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में चोरी के मामले में वांछित 10,000 रुपये का इनामिया अभियुक्त लालमन यादव घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। आपको बता दे की 31 दिसंबर की भोर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरायमीर पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में वांछित इनामिया अभियुक्त नन्दांव बाजार से सरायमीर की ओर आ रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी प्र0नि0 निहार नन्दन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नरदह पुलिया के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया और स्वयं को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *