आजमगढ़ आजादी के दशकों बाद भी विकास से महरूम शाहपुर मौलानी गांव, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बिलरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के शाहपुर मौलानी गांव में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी के बाद से अब तक गांव में विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है और लोग सड़क, नाली, जलनिकासी, प्रकाश व सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं।ग्रामीणों के मुताबिक गांव में कई स्थानों पर पक्की नाली, खड़ंजा/इंटरलॉकिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। घरों का गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिससे आवागमन में परेशानी के साथ गंदगी और जलभराव की समस्या बनी रहती है। गांव में नियमित सफाईकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित नहीं होने तथा कूड़ा उठान की समुचित व्यवस्था नहीं होने की भी शिकायत की गई है।शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सचिव/ग्राम विकास अधिकारी की नियमित उपलब्धता नहीं होने से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए ग्रामीणों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। ग्रामीणों ने विकास कार्यों में अनियमितता और कार्यों के नाम पर धन की मांग किए जाने की शिकायत भी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने गांव में प्रकाश, जलनिकासी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विभागीय सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराने, पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता और अभिलेखों की स्थलीय जांच कराने तथा ग्राम पंचायत की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायती पत्र में सात बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे दो दिन बाद जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से गांव की वास्तविक स्थिति का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण कराने और समस्याओं के समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *