




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को पीड़िता के पिता ने रौनापार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को गांव रोशनगंज निवासी भोला यादव उर्फ गिरिजेश यादव बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।विवेचना के दौरान पुलिस ने 30 मई 2026 को पीड़िता को बरामद कर लिया। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पोक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर महिलाओं से संबंधित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार सुबह उपनिरीक्षक रमेश कुमार और उनकी टीम ने आरोपी भोला यादव उर्फ गिरिजेश यादव (25 वर्ष) निवासी रोशनगंज को करखिया मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
