7 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, बिहार का शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना साइबर क्राइम की टीम ने लगभग 7 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के पूर्वी चम्पारण निवासी 26 वर्षीय जितेन्द्र प्रसाद यादव के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा महमूदपुर निवासी डॉ. शफी उज्जमां के यूनियन बैंक और केनरा बैंक खातों से 17 जनवरी 2026 को उनकी जानकारी के बिना कुल 6,98,619 रुपये निकाल लिए गए थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर साइबर क्राइम टीम ने कुशीनगर के कसया क्षेत्र स्थित एक होटल से आरोपी की पहचान की। पूछताछ और साक्ष्य संकलन के बाद उसकी संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क का हिस्सा था। गिरोह फर्जी बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराता था तथा ठगी की रकम को विभिन्न खातों में मंगाकर क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और अन्य माध्यमों से नकदी में बदलता था। बाद में रकम को गिरोह के सदस्यों में बांट दिया जाता था।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, 1460 रुपये नकद तथा एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है, जिसे सीज कर दिया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक विभा पाण्डेय समेत पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *