आजमगढ़ में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित, अपराध नियंत्रण व लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।गोष्ठी के दौरान चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं के शीघ्र अनावरण तथा अभियुक्तों की प्रभावी गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने एवं संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण, पारित प्रकरणों के शीघ्र निष्पादन तथा जनशिकायतों के त्वरित समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। थाना स्तर पर प्राप्त मामलों के प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।इसके अलावा महिला अपराध, साइबर अपराध एवं जनसुनवाई से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा गया।गोष्ठी में वारंटों की तामील, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *