




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले में जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी ने अपनी सोशल मीडिया आईडी में बजरंग दल से जुड़े होने का दावा किया था। बजरंग दल ने पुष्टि की कि कभी किसी प्रकार से आरोपी संगठन से नहीं जुड़ा था। पीड़िता, जो सुलेमपुर हीरापट्टी की निवासी है, ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि दलसिंगार मोहल्ला निवासी आदित्य सोनी पिछले करीब तीन वर्षों से शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाता रहा। युवती का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी पहले साथ रहने को तैयार हुआ, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। युवती के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी हैं। साथ ही अधिक दबाव बनाने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी गई। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 14 मई को उसने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत प्रकोष्ठ में प्रार्थना पत्र दिया। मामले को गंभीर मानते हुए शिकायत प्रकोष्ठ ने क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शहर कोतवाल यादवेंद्र पाण्डेय ने बताया कि आरोपी आदित्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपी युवक ने अपने सोशल मीडिया आईडी पर खुद के कई हिंदू संगठन के पदाधिकारी होने का दावा किया था। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक महिला द्वारा यह शिकायत की गई कि शादी का झांसा देकर के संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए आदित्य सोनी नामक युवक के ऊपर आरोप लगाया गया है। उक्त महिला संबंधित अपराध को तत्काल संज्ञान में लेते हुए थाना कोतवाली अंतर्गत संगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है, व अभियुक्त की गिरफ्तारी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। आर्यमगढ़ हिमांशु बरनवाल ने मीडिया को जारी किए गए लिखित बयान में बताया कि आदित्य सेठ को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताते हुए ग़लत खबर चलाई जा रही है ,वह बजरंग दल का कार्यकर्ता नहीं है , न ही कभी पूर्व में यह कार्यकर्ता रहा है ,बिना विश्व हिंदू परिषद कार्यालय अथवा विश्व हिंदू परिषद , बजरंग दल के किसी वरिष्ठ पदाधिकारी से बिना पुष्टि किए हुए समाचार चलाया जा रहा है।
