राष्ट्रीय एकता दिवस पर लगाए गए लौह पुरुष के कटआउट की दुर्दशा, कलेक्ट्रेट के सामने लटक रही होर्डिंग

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। देश के प्रथम गृह मंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया था। इस दौरान शासन-प्रशासन की ओर से बड़े-बड़े आयोजन किए गए और प्रचार-प्रसार के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर सरदार पटेल के बड़े कटआउट और होर्डिंग भी लगाए गए थे। लेकिन आयोजन समाप्त होने के बाद इन होर्डिंग की सुध लेने वाला कोई नहीं है।इसी क्रम में कलेक्ट्रेट के सामने अंबेडकर पार्क के गेट के बगल में लगाया गया सरदार वल्लभभाई पटेल का विशाल कटआउट अब दुर्दशा का शिकार है। होर्डिंग एक तरफ से लटक गई है और उसकी हालत देखकर साफ नजर आता है कि लंबे समय से इसकी देखरेख नहीं की गई है। न तो इसे व्यवस्थित किया जा रहा है और न ही हटाने की जहमत उठाई जा रही है।विडंबना यह है कि कलेक्ट्रेट के सामने ही यह होर्डिंग लगी है और यहां से प्रतिदिन जिले के तमाम आला अधिकारियों का आना-जाना होता है। इसके बावजूद किसी की नजर इस पर नहीं पड़ रही है। लौह पुरुष की जयंती पर सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए लगाए गए कटआउट की यह दुर्दशा अब महापुरुष के सम्मान के प्रति जिम्मेदारों की उदासीनता को उजागर कर रही है। सवाल यह है कि जब महापुरुषों के नाम पर बड़े आयोजन और प्रचार-प्रसार किए जाते हैं तो आयोजन के बाद उनके सम्मान से जुड़ी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कौन निभाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *