

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की भोर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने घायल अभियुक्त समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, अर्टिगा कार, मोटरसाइकिल और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। वहीं, वध के लिए ले जाए जा रहे दो प्रतिबंधित पशुओं और एक बछड़े को पुलिस ने सकुशल जीवित बचा लिया।पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जीयनपुर पुलिस शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे क्षेत्र में रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम जोलहापुर के पास कुछ लोग चोरी से प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर उनका वध करने और मांस की बिक्री व परिवहन की तैयारी कर रहे हैं।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सालिम नामक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार करते हुए तीन अन्य अभियुक्तों को भी मौके से दबोच लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सालिम पुत्र इसरार (24), नौशाद पुत्र खुर्शीद (53), सोहराब पुत्र ईसराइल (22) और अदनान पुत्र खालिद (18), सभी निवासी थाना जीयनपुर क्षेत्र, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। घायल सालिम को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा अर्टिगा कार संख्या UP80DP0117, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP50DP8806, चापड़, चाकू, लकड़ी के ठीहे, तराजू सहित पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आवारा प्रतिबंधित पशुओं को चिन्हित कर चोरी से पकड़ते थे और सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका अवैध कटान करते थे। मांस की बिक्री और उपभोग के बाद पशुओं के अवशेष नदी-नालों या सिवान में फेंक देते थे अथवा जमीन में गाड़ देते थे। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त नौशाद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जीयनपुर और गंभीरपुर थानों में चोरी, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह सहित जीयनपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
