धोखाधड़ी के पैसों से खरीदी गई 50 लाख की जमीन कुर्क, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में अपराधियों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में डॉ0 अनिल कुमार के निर्देश पर थाना मुबारकपुर पुलिस ने धोखाधड़ी से अर्जित धन से खरीदी गई लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की भूमि को कुर्क कर लिया।पुलिस के अनुसार वादी मैनुद्दीन पुत्र स्व. अब्दुल गफ्फार की तहरीर पर थाना मुबारकपुर में वर्ष 2025 में अभियुक्त अमान अहमद और उसकी पत्नी फरहाना बानो के विरुद्ध धोखाधड़ी व धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्तों ने पीड़ित से धोखाधड़ी कर कुल 36 लाख रुपये प्राप्त किए थे। इसमें 16 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से तथा शेष धनराशि नगद ली गई थी।जांच में यह भी पाया गया कि धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि से अभियुक्तों द्वारा वर्ष 2022 में ग्राम चांदपट्टी स्थित विभिन्न गाटा संख्या की कुल 0.1361 हेक्टेयर भूमि खरीदी गई थी। मामले में न्यायालय द्वारा उपलब्ध बैनामा, बैंक अभिलेख तथा लेखपाल रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद यह स्पष्ट माना गया कि भूमि अवैध धन से अर्जित की गई है।मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के क्रम में रविन्द्र कुमार द्वारा कुर्की आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुपालन में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रभारी निरीक्षक शशिमौलि पाण्डेय, नायब तहसीलदार सगड़ी तथा पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में उक्त भूमि को नियमानुसार कुर्क किया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *