

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आगामी नवरात्रि, दशहरा, धनतेरस, दीपावली, कार्तिक पूजा, गुरुनानक जयंती और छठ पूजा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को हरिऔध कला केंद्र में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों और संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सा लिया।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहार परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाएं। उन्होंने मूर्ति विसर्जन स्थलों और रूटों का निरीक्षण कर प्रकाश, पब्लिक एड्रेस सिस्टम समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। डीजे की आवाज निर्धारित डेसीबल से अधिक न रखने और रामलीला में महिलाओं के लिए उचित सीटिंग प्लान बनाने को कहा।रावण दहन को लेकर भी डीएम ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबादी से दूर रावण दहन होने पर ही पटाखों की अनुमति दी जाए और पटाखों की संख्या सीमित रखी जाए। जनपद में पटाखों की बिक्री के लिए 62 मैदान चिन्हित किए गए हैं, जहां निर्धारित नियमों के अनुसार ही बिक्री की जाएगी।डीएम ने पंडालों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही से दुर्घटना होने पर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंडालों और विसर्जन मार्गों में लटक रही पेड़ों की डालियों, खुले नालों तथा विद्युत तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों की सत्यता जांचने की अपील की।छठ पूजा को लेकर घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। घाटों की गहराई के अनुसार बैरिकेडिंग कराने को भी कहा गया।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस और प्रशासन आमजन के सहयोग से त्योहारों को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराएगा। उन्होंने एसडीएम और सीओ को आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा समिति गठित करने के निर्देश दिए। पंडालों को हाईटेंशन तार और ट्रांसफार्मर से दूर रखने, ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल न करने तथा पंडाल में कम से कम दो तरफ से खुली व्यवस्था रखने को कहा।एसएसपी ने डीजे पर अश्लील, भड़काऊ अथवा किसी की भावनाओं को आहत करने वाले गाने न बजाने की हिदायत दी। किसी भी विवाद या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने और कानून हाथ में न लेने की अपील की गई।बैठक में आयोजक मंडलों द्वारा विद्युत, रास्ते, विसर्जन स्थल और साफ-सफाई से संबंधित समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखी गईं, जिनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह समेत सभी एसडीएम, सीओ, थाना प्रभारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।
