

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ग्रुप-डी में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में अतरौलिया पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरेज कुमार (52) निवासी गजेन्धरपट्टी भेदौरा, थाना अतरौलिया के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये लिए थे। इसके बाद एक अभ्यर्थी अमरजीत सिंह को कूटरचित फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया गया। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने आनाकानी करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।इस मामले में 20 नवंबर को सौरभ सिंह की तहरीर पर थाना अतरौलिया में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार 23 नवंबर को उपनिरीक्षक संजय सिंह और सुरेंद्र कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा अतरौलिया स्थित सम्मो माता मंदिर के पास से सुबह करीब 8:45 बजे आरोपी अमरेज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
