आजमगढ़ निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद का बड़ा ऐलान 2027 चुनाव में आजमगढ़ की 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी निषाद पार्टी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर निषाद पार्टी ने आजमगढ़ में अपनी राजनीतिक रणनीति का ऐलान कर दिया है। शनिवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के भोराजपुर स्थित कांटा वाली बाग में आयोजित संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने घोषणा की कि आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी आजमगढ़ जिले की दो विधानसभा सीटों और आजमगढ़ मंडल की कुल चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी।डॉ. संजय निषाद ने कहा कि आजमगढ़ की सीटों पर सबसे पहले निषाद समाज के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्याशी किसी भी दल में हो, शर्त यह होगी कि वह जीत दर्ज करने की क्षमता रखता हो। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में भी पार्टी ने ऐसे दो लोगों को टिकट दिया था, जो दूसरे दलों में थे और आज दोनों विधायक बन चुके हैं। उनका मानना है कि केवल एक समाज को टिकट देकर सफलता हासिल नहीं की जा सकती, बल्कि विधानसभा में समाज के मुद्दों को उठाने के लिए सभी समाजों की भागीदारी जरूरी है।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा के साथ गठबंधन के दौरान निषाद पार्टी को 16 सीटें मिली थीं। पार्टी अपनी एक भी सीट छोड़ने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई दिक्कत है तो वह भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से बात कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निषाद समाज और निषाद पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव के समय गायब नहीं होंगे। पार्टी विचारों और शालीनता की राजनीति करना चाहती है, किसी की जमीन पर कब्जा करने की राजनीति नहीं।डॉ. संजय निषाद ने अतरौलिया विधानसभा सीट का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2022 में निषाद पार्टी ने यहां से चुनाव लड़ा था। उन्होंने बताया कि जिले की सभी 10 सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों में निषाद पार्टी के प्रत्याशी को सबसे ज्यादा वोट हासिल हुए थे। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को निषाद पार्टी न भूली है और न ही यहां के लोग उन्हें भूलने वाले हैं। उन्होंने पिछले साढ़े चार वर्षों में कुछ नेताओं के दल बदलने पर भी टिप्पणी की। कहा कि कुछ नेता सत्ता के साथ रहने और अपने हित साधने के लिए पार्टी बदलते रहते हैं, लेकिन निषाद समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। महासम्मेलन में निषाद समाज की राजनीतिक भागीदारी, संवैधानिक अधिकारों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान पदयात्रा का भी आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। अब आजमगढ़ की दो विधानसभा सीटों पर निषाद पार्टी की दावेदारी के ऐलान के बाद 2027 के चुनाव को लेकर जिले की सियासत में हलचल तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *