फ्री मूवी के लालच में न करें क्लिक! APK लिंक से मोबाइल हैक कर खाते साफ करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। साइबर सेल और महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फ्री मूवी और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर लोगों के मोबाइल हैक कर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 3.5 लाख रुपये की नई बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक कूटरचित आधार कार्ड और नकदी बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने सूचना के आधार पर प्रतापपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान कृष्णा कुमार निवासी नौबरार त्रिपुरारपुर खालसा, थाना महाराजगंज को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया पर फ्री में नई फिल्म और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर APK फाइल वाला लिंक भेजता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता था। इसके बाद बैंक खातों से रकम निकालकर म्यूल खातों में ट्रांसफर की जाती और एटीएम के जरिए नकदी निकालकर आपस में बांट ली जाती थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जनसेवा केंद्रों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम निकालता था। बरामद आईफोन उसके बिहार निवासी साथी का बताया गया, जिसका इस्तेमाल फर्जी मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी प्राप्त करने के लिए किया जाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि फ्री मूवी, वेब सीरीज या किसी भी लालच में अज्ञात APK लिंक डाउनलोड या इंस्टॉल न करें, क्योंकि इससे मोबाइल हैक होकर बैंक खाते से रकम उड़ाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *