

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत गुरुवार को मुबारकपुर कस्बे और बाजार क्षेत्र में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) एवं श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों में 08 बाल श्रमिक कार्य करते मिले।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी एएचटी के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान बाल श्रमिकों के परिजनों को मौके पर बुलाकर बच्चों से भविष्य में बाल श्रम न कराने की सख्त चेतावनी दी गई। वहीं संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ श्रम विभाग ने नियमानुसार नोटिस जारी किए।संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और आमजन को बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, बेकरी, ऑटोमोबाइल दुकानों और गैराजों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए। साथ ही 108, 112, 1090, 1098, 1930, 1076 और 181 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर लोगों से बाल श्रम की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने की अपील की गई।अभियान में प्रभारी निरीक्षक एएचटी अभयराज मिश्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी नजरे आलम, रोहित प्रताप, मुख्य आरक्षी रामजनम यादव तथा महिला आरक्षी पूनम द्विवेदी शामिल रहे।
