

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव में युवक रविंद्र बिंद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे।दरअसल, रविवार की सुबह ग्राम प्रधान विजय ने मृतक के पिता रुदल बिंद को फोन कर बेटे के सिर में चोट लगने और उसकी मौत होने की सूचना दी। बताया गया कि जौनपुर जनपद के शाहगंज थाना क्षेत्र के दियामपट्टी निवासी हरिमोहन ने ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी दी थी। मृतक के पिता का आरोप है कि पहले बेटे को हार्ट अटैक आने की बात बताई गई, जबकि बाद में सिर में चोट लगने की जानकारी दी गई। सूचना में इस अंतर के चलते परिवार ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।मृतक के पिता ने पवई थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर हरिमोहन के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की। साथ ही तहरीर में फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर निवासी विकास यादव का नाम भी शामिल करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद रविंद्र का शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने में जुट गई।वहीं, मामले में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि थाना पवई क्षेत्र के नरवारी गांव में रविंद्र की मृत्यु के संबंध में परिजनों की तहरीर के आधार पर दो आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। प्रकरण में निष्पक्ष विवेचना और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर युवक की मौत की असल वजह सामने आने का इंतजार है।
