आजमगढ़ में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार; 11.334 किलो गांजा बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिशूल के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना जहानागंज पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से कुल 11.334 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी बिहार के सारण (छपरा) जनपद के निवासी हैं।पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष जहानागंज अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बजहा पुलिया के पास घेराबंदी कर दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार राय (34 वर्ष), निवासी पदुमपुर दुमर्सन, थाना मसरख तथा लालबाबु राय (42 वर्ष), निवासी ग्राम सरदारगंज, थाना मसरख, जनपद सारण (छपरा), बिहार के रूप में हुई है।पुलिस ने तलाशी के दौरान अनिल कुमार राय के कब्जे से 6.154 किलोग्राम और लालबाबु राय के कब्जे से 5.180 किलोग्राम गांजा बरामद किया। दोनों के पास से कुल 11.334 किलोग्राम अवैध गांजा मिला, जिसे पुलिस ने नियमानुसार सीलबंद कर कब्जे में ले लिया।इस मामले में थाना जहानागंज पर मु0अ0सं0 242/26 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवम त्यागी सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *