

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस के ऐतिहासिक पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ के क्वार्टर गार्द में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने पुलिस ध्वज को सलामी देकर उसकी गरिमा और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने अपनी वर्दी पर पुलिस ध्वज का प्रतीक स्टीकर भी लगाया।कार्यक्रम के दौरान ASP सिटी मानुष पारीक ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पढ़कर सुनाया। इसके बाद सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर पुलिस झंडा दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया था। लाल और नीले रंग का यह ध्वज पुलिस बल की शक्ति, शौर्य, निष्ठा और गौरवशाली पहचान का प्रतीक है।अधिकारियों ने कहा कि पुलिस झंडा दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद करने का अवसर है। प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है कि वह पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनता की सेवा करे।कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर, क्षेत्राधिकारी कार्यालय कौस्तुभ त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
