

6 दिसंबर को आजमगढ़ में होगी सामाजिक समरसता महारैली मौजूद होंगे मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर एनडीए गठबंधन में दावेदारी के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद पर निशाना साधा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा संजय निषाद नहीं, बल्कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व करेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ही तय करेंगे कि किस दल को कितनी सीटें मिलेंगी।सोमवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजभर ने कहा कि किसी भी विधानसभा सीट पर दावेदारी करने से पहले वहां के जातीय समीकरण और मतदाताओं की संख्या की जानकारी होनी चाहिए। बिना आंकड़ों को समझे बयानबाजी करना उचित नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संजय निषाद से सीटों के बंटवारे को लेकर उनकी क्या बातचीत होगी, जब सीटों का फैसला भाजपा का शीर्ष नेतृत्व करेगा।इस दौरान उन्होंने आगामी 6 दिसंबर को आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में आयोजित होने वाली सामाजिक समरसता महारैली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महारैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत केंद्र एवं प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। रैली की तैयारियों के लिए पार्टी पदाधिकारी जिले के सभी 22 ब्लॉकों में गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं।ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर एनडीए को मजबूत करने का लक्ष्य है। वर्ष 2017, 2022 और 2024 के चुनावों में मिली हार को इस बार जीत में बदलने के लिए गठबंधन पूरी ताकत से जुटा है।अतरौलिया क्षेत्र में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कप्तानगंज-अहिरौला मार्ग के 21 किलोमीटर हिस्से और सिकंदरपुर-नरियांव मार्ग के निर्माण की जानकारी दी। साथ ही नौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नाली, आरसीसी और खड़ंजा सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाने का दावा किया।विरोधियों पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि कुछ लोग पांच साल तक क्षेत्र से गायब रहे और अब चुनाव नजदीक आते ही उड़नखटोले से उतरने लगे हैं। उन्होंने पिछले तीन वर्षों में हजारों लोगों की थाने, तहसील और ब्लॉक स्तर पर समस्याओं के समाधान में मदद करने का भी दावा किया।
