

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिशूल के तहत मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 16 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ हेरोइन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये है।पुलिस ने बताया की मुबारकपुर पुलिस टीम बागन बोधा पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 9 पैकेट में 1 किलो 16 ग्राम हेरोइन, 25-25 ग्राम के दो डिब्बों में रासायनिक पदार्थ (ब्रुसिन), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो मोबाइल फोन और 1,130 रुपये नकद बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाहिल (करीब 20 वर्ष) निवासी कोटिला, बाहुद्दीनपुर, शाहीद कॉलोनी और जीशान (करीब 21 वर्ष) निवासी कोटिला नाला धर्मू, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हीरापट्टी से ब्रह्मस्थान जाने वाले रास्ते पर अन्य लोगों से मादक पदार्थ प्राप्त कर स्कूटी से उसकी सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UP 50 DC 7670 को भी सीज कर दिया है।इस मामले में थाना मुबारकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29/60(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा बताए गए अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
