

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना मुबारकपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से शारीरिक संबंध बनाने और जमीन खरीदने के नाम पर ₹21 लाख की धनराशि हड़पने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में वादिनी द्वारा 12 जनवरी 2026 को थाना मुबारकपुर पर तहरीर दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सुरेन्द्र यादव पुत्र गुलाब यादव, निवासी ग्राम बद्दोपुर (मातनपुर), थाना कन्धरापुर, जनपद आजमगढ़ ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में जमीन खरीदने के नाम पर उसके खाते से किस्तों में कुल ₹21 लाख निकलवा लिए। जब वादिनी ने जमीन लिखवाने की बात कही तो अभियुक्त ने गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर में मु0अ0सं0 15/26 अंतर्गत धारा 69, 316(2), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को उपनिरीक्षक मुरारी मिश्र मय पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अभियुक्त की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त अपने घर में मौजूद है और फरार होने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियुक्त सुरेन्द्र यादव को आवश्यक बल प्रयोग करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
