

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के थाना देवगांव पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी के माध्यम से लोगों के खातों से पैसे निकालने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 21 एटीएम कार्ड और ₹700 नगद बरामद किए गए हैं।आपको बता दे की 30 जून 2025 को कस्बा देवगांव स्थित यूनियन बैंक के एटीएम पर अभियुक्त ने बुझावन चौहान निवासी ग्राम तरफकाजी का एटीएम कार्ड धोखे से बदल लिया था। इसके बाद उसी एटीएम कार्ड के जरिए ₹50,000 की धनराशि निकाल ली गई थी।12 जनवरी 2026 को वादी जब अपने भतीजे के साथ पुनः एटीएम से धनराशि निकालने गया तो उसने मौके पर मौजूद अभियुक्त विपिन यादव को पहचान लिया। वादी द्वारा अभियुक्त को पकड़कर थाना देवगांव लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम विपिन यादव पुत्र गंगा यादव, निवासी टिसौरा माफी (नसरत ताल), थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 32 वर्ष बताया।पुलिस द्वारा नियमानुसार की गई जामा-तलाशी में अभियुक्त के पास से 21 एटीएम कार्ड तथा ₹700 नगद बरामद हुए। बरामदगी की कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की गई। इस संबंध में थाना देवगांव पर मु0अ0सं0 26/2026 अंतर्गत धारा 319(2), 318(4), 303(2), 317(2) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त को पुलिस हिरासत में लिया गया है।
