हरईरामपुर गांव में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, गंभीरपुर थाने की पुलिस ने शुरू की जांच

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरईरामपुर गांव में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के सिवान स्थित एक बगीचे में पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।पेड़ से शव नीचे उतारे जाने के बाद उसकी पहचान 40 वर्षीय अरमान पुत्र अमीन, निवासी हरईरामपुर के रूप में हुई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि अरमान पहले सैलून चलाते थे।मृतक की पत्नी सूफियाना ने गंभीरपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पति मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे वह घर से बिना बताए कहीं चले गए। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह ग्रामीणों से बगीचे में पेड़ से शव लटके होने की सूचना मिली।सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *