

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। थाना क्षेत्र के डेमू डीहा किशुन देव पट्टी गांव निवासी 65 वर्षीय रामकरन निषाद की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा बुधवार को लोहरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।जानकारी के अनुसार रामकरन निषाद पुत्र स्व. सिधारी मोटरसाइकिल से लोहरा गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। लोहरा के समीप पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें नजदीकी 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उनका इलाज लाइफ लाइन अस्पताल में करा रहे थे।बृहस्पतिवार करीब एक बजे इलाज के दौरान रामकरन की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी पार्वती का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन पुत्र हनुमान, श्रीराम और रामजतन हैं।परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
