

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। हज-2027 के लिए चयनित आजमगढ़ जनपद के यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयनित यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण सरकारी एलोपैथिक चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा। जांच के बाद निर्धारित प्रारूप पर मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि सभी चयनित हज यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 तक पूरी कर फिटनेस प्रमाण-पत्र पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। इसके लिए संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।सीएमओ ने चयनित हज यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर फिटनेस प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लें। संबंधित चिकित्सकों को भी समय से जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हज यात्रियों को आगे की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
