पेड़ से लटकता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में मची सनसनी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया, आजमगढ़। थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव के सिवान में गुरुवार को पेड़ से रस्सी के सहारे एक अज्ञात युवक का शव लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। दुर्गंध आने पर बकरी चराने गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।ग्रामीणों के मुताबिक भगतपुर गांव के सिवान में कश्मीरिया स्थान के पास कुछ लोग बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान पेड़ से लटकता शव दिखाई दिया। शव की स्थिति और उससे आ रही दुर्गंध को देखते हुए ग्रामीणों ने उसके तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के गांवों में मृतक की पहचान कराने के साथ ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।ग्राम प्रधान बाबूलाल ने बताया कि कश्मीरिया स्थान के पास सिवान में अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटकता मिला था, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *