आजमगढ़ में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का खुलासा, 4 बदमाश मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौला और तहबरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोनों थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलकस, साहिल, वाजिद और फैजान, सभी निवासी जनपद बरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, ₹29,230 नगद, बिना नंबर प्लेट की XUV-500, पांच मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अहरौला क्षेत्र में 20 अगस्त की सुबह करीब 3:46 बजे पश्चिमपट्टी महलिया के पास चेकिंग के दौरान सफेद XUV-500 को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दिलकस और साहिल के दाहिने पैर में गोली लगी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद करीब 4:29 बजे तहबरपुर पुलिस ने चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक यहां भी फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वाजिद के दाहिने पैर और फैजान के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य हाईवे के आसपास वाहन खड़ा कर नजदीकी गांवों में घरों की छत के रास्ते प्रवेश करते थे और ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी करते थे। चोरी के बाद निर्धारित स्थान पर पहुंचने पर SUV चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अहरौला की 2, तहबरपुर की 2, बिलरियागंज की 2 और अंबेडकरनगर के जैतपुर क्षेत्र की 1 चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया और जौनपुर समेत अन्य जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गिरोह के चार अन्य सदस्य दिलशाद, आफताब, सोनू अली और नेसार अभी फरार हैं। आजमगढ़ पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बरेली और बदायूं समेत विभिन्न जनपदों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अहरौला और तहबरपुर थाने में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *