आजमगढ़ में मुस्लिम पवरिया-पम्बरिया जाति को OBC सूची में शामिल करने की मांग, राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल ने सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ में राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल की ओर से मुस्लिम पवरिया-पम्बरिया जाति को उत्तर प्रदेश की अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की अनुमन्य सूची में शामिल करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष यूथ नुरुल हुदा ने कहा कि पवरिया-पम्बरिया मुस्लिम बिरादरी प्रदेश के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में निवास करती है, लेकिन सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से बेहद पिछड़ी हुई है।नुरुल हुदा ने कहा कि इस बिरादरी को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए OBC सूची में शामिल किया जाना न्यायहित में है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग द्वारा इस मामले में पूर्व में आजमगढ़ समेत देवरिया, कुशीनगर और वाराणसी में सर्वेक्षण एवं जांच कराई जा चुकी है। आजमगढ़ में सगड़ी तहसील के जीयनपुर, चांदपट्टी, रौनापार, आजमपुर, कंधरापुर समेत अन्य क्षेत्रों में पवरिया जाति की स्थिति का सर्वेक्षण किया गया था।उन्होंने बताया कि पवरिया-पमरिया मुस्लिम बिरादरी बिहार में अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल है। इसके अलावा मंडल आयोग, सच्चर कमेटी, रंगनाथ मिश्रा आयोग और रोहिणी आयोग समेत विभिन्न रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्होंने मुस्लिम पवरिया-पम्बरिया को भी पिछड़े वर्ग की सूची में शामिल करने की मांग उठाई।नुरुल हुदा ने कहा कि आजादी के 80 वर्ष बाद भी इस बिरादरी से कोई विधायक, सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधान परिषद सदस्य या नगर निकाय अध्यक्ष नहीं बन सका है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए सरकार को इस समुदाय के प्रति ठोस कदम उठाने चाहिए।उन्होंने बताया कि पवरिया-पम्बरिया जाति को उत्तर प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग की अनुमन्य सूची में शामिल किए जाने के मामले की सुनवाई 20 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग, लखनऊ में प्रस्तावित है।काउंसिल ने सरकार से बिहार की तर्ज पर अति पिछड़ा आयोग गठित करने और मुस्लिम पवरिया-पम्बरिया समेत अन्य छूटी हुई घुमंतू एवं अर्धघुमंतू जातियों को OBC सूची में शामिल करने की मांग की। नुरुल हुदा ने कहा कि पवरिया-पम्बरिया, गदेहड़ी, बनजारा, कबर खोदवा, गौरिया समेत अन्य वंचित जातियों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए विशेष पहल जरूरी है।उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 39 जातियों के सर्वे में तीन मुस्लिम जातियों को शामिल किए जाने पर बधाई दी, साथ ही समाजवादी पार्टी पर पिछड़ी मुस्लिम जातियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष मतिउल्ला खान, शोहराब आलम, मुबारक अली, हाजी निजामुद्दीन, नबीसरवर, शहबाज, अख्तर, अशरफ, इस्राइल, चांद, एकलाख, नियाज, इमरान, जावेद और मुस्तफा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *