

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से आभूषण झपटने वाले शातिर अंतरजनपदीय अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल लालगंज भेजा गया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी निवासी वाराणसी के रूप में हुई है। आरोपी पर आजमगढ़, वाराणसी और चंदौली में चोरी, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल, महिला से छीने गए आभूषण और ₹850 नकद बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को महिला को उसके बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लालगंज तहसील के सामने से केराकत ले जाया गया था। इसी दौरान उसके कान के टप्स और अन्य आभूषण झपट लिए गए थे। मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान सामने आया कि छीने गए आभूषणों में से एक जोड़ी टप्स सुनार दिनेश वर्मा को बेचे गए थे। पुलिस ने सुनार को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक जोड़ी कान का टप्स बरामद किया है।रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस को आरोपी के मोटरसाइकिल से आने की सूचना मिली। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी भागने लगा। नसीरपुर पुलिया के पास मोटरसाइकिल गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में देवगांव पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
