

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में पथरी के उपचार के दौरान 60 वर्षीय महिला शारदा देवी की मौत हो गई। महिला के पति लालजीत ने चिकित्सक पर उपचार और ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जगदीशपुर गांव निवासी शारदा देवी को पथरी की शिकायत थी। उनके पति लालजीत के अनुसार, 28 मई को पीजीआई चक्रपानपुर में उनका पहला ऑपरेशन कराया गया। इसके बाद भी उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। चिकित्सक ने तीन जून को दोबारा ऑपरेशन किया। करीब दस दिन तक उपचार चलने के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया।परिजनों के मुताबिक, 12 जुलाई को शारदा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सिधारी स्थित एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार और दवा लेने के बाद उन्हें वापस घर लाया गया।रविवार शाम घर पर शारदा देवी की तबीयत फिर अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मौत हो गई।शारदा देवी के पति लालजीत ने आरोप लगाया कि पीजीआई चक्रपानपुर में हुए उपचार और दोनों ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई, जिसके चलते उनकी पत्नी की जान चली गई। उन्होंने मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट कराने के लिए पुलिस को सूचना देते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की।थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
