

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।शहर के हीरापट्टी मोहल्ले में वर्षों से जर्जर और जलभराव से प्रभावित सड़क के निर्माण की मांग को लेकर भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पानी से भरी गड्ढेदार सड़क पर उतरकर पौधारोपण किया और नगरपालिका प्रशासन, जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन का नेतृत्व भारत रक्षा दल के अध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि हीरापट्टी, आरजी बाग, शिवाजी नगर सहित कई मोहल्लों के हजारों लोगों का आवागमन इसी सड़क से होता है। इसी मार्ग से फातिमा स्कूल, सेंट्रल स्कूल और शिब्ली कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी रोजाना गुजरते हैं। इसके अलावा श्री चित्रगुप्त मंदिर भी इसी मार्ग पर स्थित है।उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क वर्षों से बदहाल है। कई बार नगरपालिका और प्रशासन को ज्ञापन व शिकायतें देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मंडल मुख्यालय के नगर क्षेत्र की सड़क की ऐसी दुर्दशा जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही को दर्शाती है।हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल सांकेतिक विरोध है। यदि जिलाधिकारी से मिलने के बाद भी सड़क निर्माण की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा।प्रदर्शन में अजय सिन्हा एडवोकेट, जावेद अंसारी, सुशील कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, डॉ. धीर जी, द्वारिकाधीश पाण्डेय, दुर्गेश श्रीवास्तव, धनंजय अस्थाना, हिमांशु सिंह, सोनू मिश्रा, जश्निल कुमार, आलोक शर्मा, राजन अस्थाना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
