अतरौलिया में सुभासपा का सदस्यता अभियान तेज, अरुण राजभर ने बंदरों के आतंक व जनसमस्याओं पर प्रशासन को घेरा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र स्थित निरीक्षण भवन में गुरुवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधानसभा प्रत्याशी अरुण राजभर के समर्थन में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 (बिरूवापुर) के दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अरुण राजभर ने पार्टी में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए उन्हें सदस्यता दिलाई और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत में बंदरों के बढ़ते आतंक, जलभराव, जर्जर नालियों, आवास आवंटन में कथित अनियमितता तथा पेयजल संकट जैसी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।पत्रकारों से बातचीत में अरुण राजभर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अतरौलिया विधानसभा का नागरिक बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क, नाली, आवास, पेंशन और पेयजल जैसी समस्याओं के समाधान के बजाय जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं।नगर क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आए दिन लोग बंदरों के हमलों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन इस गंभीर समस्या पर प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौन हैं।अरुण राजभर ने दावा किया कि प्रतिदिन 250 से 300 लोग अपनी समस्याओं को लेकर उनके पास पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जनता वर्तमान व्यवस्था से असंतुष्ट है और क्षेत्र के विकास तथा जनसमस्याओं के स्थायी समाधान के लिए परिवर्तन चाहती है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुभासपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान और अतरौलिया का समग्र विकास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *