आजमगढ़ अस्तित्वहीन मदरसे के नाम पर सरकारी अनुदान गबन मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना दीदारगंज पुलिस ने अस्तित्वहीन मदरसे के नाम पर सरकारी अनुदान प्राप्त कर गबन करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, राज्य विशेष अपराध अनुसंधान दल (SIT) की जांच में ग्राम पाइन्दापुर, फूलपुर स्थित कथित मदरसा “गफ्फरुल ओलूम” के नाम पर फर्जी अभिलेख तैयार कर शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और सरकारी धनराशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया था। इस संबंध में 19 फरवरी 2025 को थाना दीदारगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान वांछित चल रहे आरोपी जितेन्द्र सिंह चौहान (39) निवासी शेखवलिया, थाना दीदारगंज को पुलिस ने बुधवार सुबह आजादनगर बाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 409, 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामबहादुर यादव, आरक्षी सदानन्द यादव एवं महिला कांस्टेबल पल्लवी वर्मा शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *