

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने झपट्टामारी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को निखिल मौर्य निवासी गुलउर, थाना मुबारकपुर ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता तिवारीपुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैठौली पुल से लगभग 100 मीटर पश्चिम बद्दोपुर गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर 7 हजार रुपये नकद, पर्स, सैमसंग A06 मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली थी। मामले में कोतवाली थाने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस को आरोपी राहुल सिंह का नाम प्रकाश में आया। मुखबिर की सूचना पर आईटीआई कॉलेज के पास से राहुल सिंह पुत्र सभाजीत सिंह निवासी देवरिया,थाना कप्तानगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी वर्तमान में पाण्डेय बाजार क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
