अर्धविक्षिप्त युवक की सेवा कर भारत रक्षा दल ने पेश की मानवता की मिसाल

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के चांदपट्टी बाजार में पिछले कई महीनों से घायल अवस्था में घूम रहे एक अर्धविक्षिप्त युवक की भारत रक्षा दल के पदाधिकारियों ने साफ-सफाई कराकर उसका उपचार कराया। इस मानवीय सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की।भारत रक्षा दल के अध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने बताया कि स्थानीय निवासी सूरज द्वारा लगातार सूचना दी जा रही थी कि एक अर्धविक्षिप्त युवक बाजार में घूम रहा है, जिसके एक हाथ में गंभीर चोट है। समय पर उपचार न मिलने के कारण घाव सड़ चुका था और उसकी स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई थी।सूचना मिलने पर भारत रक्षा दल के पदाधिकारी मंगलवार सुबह चांदपट्टी बाजार पहुंचे और युवक को खोजकर पहले उसके बाल एवं दाढ़ी कटवाए, फिर उसे स्नान कराकर नए कपड़े पहनाए। इसके बाद उसके घायल हाथ की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि हाथ में लंबे समय से फंसा एक रबर गहरे घाव में धंसकर हड्डी तक पहुंच गया था। रबर को सावधानीपूर्वक काटकर निकाला गया तथा घाव की अच्छी तरह सफाई की गई।इसके बाद बाजार स्थित डॉ. शहाबुद्दीन ने अपने अस्पताल में युवक की मरहम-पट्टी कर उपचार किया। उसे आवश्यक दवाएं और भोजन भी उपलब्ध कराया गया। साथ ही स्थानीय लोगों को दवाएं देकर नियमित देखभाल करने का अनुरोध किया गया। डॉ. शहाबुद्दीन ने भरोसा दिलाया कि युवक की मरहम-पट्टी आगे भी नियमित रूप से की जाएगी।भारत रक्षा दल द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की बाजारवासियों ने मुक्तकंठ से सराहना की और इसे मानवता की प्रेरणादायक मिसाल बताया।इस सेवा अभियान में जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश, डॉ. धीर जी श्रीवास्तव, जावेद अंसारी, डॉ. शहाबुद्दीन, कमलेश, मनोज सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *