आजमगढ़ खेत की जुताई रोकने और जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी एक वृद्ध किसान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना-पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर जमीन विवाद को लेकर खेत की जुताई रोकने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई मांग करते हुए अपनी जान-माल और खेती की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।पीड़ित किसान के अनुसार, वह ग्राम लोहरा, थाना मुबारकपुर का स्थायी निवासी एवं वृद्ध किसान व्यक्ति है। उसने SP को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उसकी आराजी संख्या-874, रकबा 403 एयर पर कब्जा करने की नीयत से लगातार परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस भूमि का पूर्व में राजस्व विभाग के कर्मचारियों, स्थानीय पुलिस तथा संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में सीमांकन कराया जा चुका है, जिसके बाद दोनों पक्षों को संतुष्ट कर दिया गया था। तब से वह अपनी भूमि पर शांतिपूर्वक खेती-बाड़ी करता आ रहा था।पीड़ित का आरोप है कि 26 जून 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे, जब वह अपने खेत में खड़ी फसल के बाद ट्रैक्टर से जुताई करा रहा था, तभी विपक्षी पक्ष के लोग अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए और जुताई रुकवा दी। विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी गई और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक आरोपी ने अपने परिवार की महिलाओं को ट्रैक्टर के सामने धकेलने का प्रयास किया, ताकि किसी अप्रिय घटना को अंजाम देकर झूठा मुकदमा दर्ज कराया जा सके। साथ ही आरोप है कि विपक्षियों ने धमकी दी कि यदि खेत की जुताई या बुआई की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे और जान से भी हाथ धोना पड़ सकता है।पीड़ित का कहना है कि उसने इस संबंध में पहले भी कई बार पुलिस को प्रार्थना-पत्र दिया, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे विपक्षियों का मनोबल बढ़ गया है और अब उसे अपनी सुरक्षा को लेकर भय बना हुआ है।पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई कराने, खेत की जुताई-बुआई निर्बाध रूप से कराने तथा उसके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *