आजमगढ़ नगर पालिका में लगातार दूसरी बार EO की गैरहाजिरी से नहीं हो सकी बोर्ड बैठक, सभासदों का धरना

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। नगर पालिका परिषद की मंगलवार को बुलाई गई बोर्ड बैठक अधिशासी अधिकारी (EO) प्रशांत कुमार की अनुपस्थिति के कारण नहीं हो सकी। लगातार दूसरी बार EO के बैठक में शामिल न होने से नाराज सभासदों ने नगर पालिका परिसर में धरना देकर विरोध दर्ज कराया।सभासदों ने आरोप लगाया कि EO की गैरमौजूदगी के कारण बोर्ड की कार्यवाही बाधित हो रही है और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले चार बोर्ड बैठकों से एक ही एजेंडा बार-बार प्रस्तुत किया जा रहा है। उनका आरोप है कि पहले से कराए गए कार्यों को दोबारा एजेंडे में शामिल किया जा रहा है, जिससे वित्तीय अनियमितताओं की आशंका पैदा हो रही है।सभासदों ने कहा कि नगर पालिका में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित फाइलों का समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है। वहीं नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था भी बदहाल है, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।धरने के दौरान सभासदों ने बोर्ड बैठकों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, अधिशासी अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य करने तथा नगर की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। अराजीबाग के सभासद पुनीत राय ने कहा कि जल्द ही सभासदों का एक प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त से मुलाकात कर मामले की शिकायत करेगा।धरने में पुनीत राय, डॉ. पूनम सिंह, अवनीश चतुर्वेदी, शैलेंद्र गौतम, विशाल श्रीवास्तव, संतोष चौहान, अतुल सिंह, सुरेश शर्मा, विजय चंद्र यादव, महताब कुरैशी, श्रीराम भार्गव और मिथुन निषाद सहित कई सभासद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *