आजमगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी: कुल्हाड़ी से दादा और पोते की निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस; एसपी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के पवई थाना क्षेत्र स्थित हेवती डीहवा गांव में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से हमला कर दादा और पोते की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गईं।आपको बता दे की गांव निवासी जगदंबा प्रसाद यादव (70) रोज की तरह अपने घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सो रहे थे। वहीं उनका 25 वर्षीय पोता अंकित घर में अपनी चचेरी दादी और दो भाइयों के साथ सो रहा था। देर रात अज्ञात हमलावर ने दोनों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बताया गया कि अंकित के साथ सो रही चचेरी दादी फूलमती को घटना का आभास होने पर उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को जगाया। परिजन गंभीर रूप से घायल अंकित को अंबेडकर नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जब परिवार के लोग दादा जगदंबा प्रसाद यादव को घटना की जानकारी देने ट्यूबवेल पहुंचे तो वहां उनका भी शव पड़ा मिला। उनकी भी धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि रात करीब दो बजे घटना की सूचना मिली थी प्रारंभिक जांच में पारिवारिक लेनदेन और आपसी क्लेश का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *