अतरौलिया में सर्पदंश से ढाई वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

आशीष निषाद,अतरौलिया आजमगढ़ । स्थानीय थाना क्षेत्र के चिस्तीपुर गांव में बुधवार शाम जहरीले सांप के डसने से ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार चिस्तीपुर गांव निवासी रामबदन का ढाई वर्षीय पोता उत्कर्ष पुत्र राजू बुधवार शाम करीब तीन बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन तत्काल उसे अतरौलिया स्थित 100 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर टांडा पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन इलाज के लिए उसे अंबेडकरनगर के टांडा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।उत्कर्ष अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया। मां कविता और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता राजू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और करीब दस दिन पहले रोजगार के सिलसिले में दिल्ली गए थे।मृतक के दादा रामनयन ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। थानाध्यक्ष देवेंद्र दुबे ने बताया कि सर्पदंश से बच्चे की मौत की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *