

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान अपने सगे बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के लगभग पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार 30 जून को कस्बा जहानागंज के मोहल्ला नयापुरा में घरेलू विवाद के दौरान मो. अनस उर्फ राजू ने अपने बड़े भाई दिलशेर अहमद पर चाकू से कई वार कर दिए थे। गंभीर रूप से घायल दिलशेर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी सुमैया अख्तरी की तहरीर पर जहानागंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सक्रिय हुई जहानागंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करहा मार्ग स्थित पुनर्जी पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी मो. अनस उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका बड़ा भाई करीब दो वर्ष दुबई में रहने के बाद 15 दिन पहले घर लौटा था। घर के खर्च को लेकर उसकी मां और भाई के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने चाकू से हमला कर दिया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
