आजमगढ़ में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, डीएम ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा, जबकि 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान के तहत घर-घर भ्रमण किया जाएगा।कलेक्ट्रेट परिसर से निकली रैली में एएनएमटीसी की छात्राओं, नगर पालिका के सफाईकर्मियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली को रवाना करने से पूर्व जिलाधिकारी ने सभी को स्वच्छता बनाए रखने, शौचालय के नियमित उपयोग तथा संचारी रोगों और दिमागी बुखार (एईएस/जेई) से बचाव के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई।”स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है” के नारों के साथ रैली कलेक्ट्रेट से डीएवी कॉलेज, कालीजी चौराहा, एलवल पुलिस चौकी और बड़ा देव मार्ग होते हुए जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर संपन्न हुई।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत लार्वा विनाश एवं स्रोत निस्तारण के लिए 4,158 टीमें गठित की गई हैं। साथ ही 15 विशेष पर्यवेक्षण टीमें प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की निगरानी करेंगी और रिपोर्ट सीएस प्रो एप पर अपलोड करेंगी।उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया, कालाजार के संभावित मरीजों तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनका विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। साथ ही परिवारों के सदस्यों का आभा (ABHA) आईडी भी बनाया जाएगा।सीएमओ ने लोगों से जलभराव रोकने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, मच्छरों से बचाव और फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पूरी बांह के कपड़े पहनाकर विद्यालय भेजने का आग्रह भी किया, ताकि दिमागी बुखार और अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव हो सके।अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, खाद्य सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। जुलाई माह भर यह अभियान जनपद में व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *